
नादौन (हमीरपुर)। विकास खंड कार्यालय नादौन में विकलांग लोगों के आधार कार्ड नहीं बन रहे हैं। इससे विकलांगों में आधार कंपनी और सरकार के प्रति रोष पैदा हो गया है। अखिल भारतीय विकलांग संघ के प्रदेशाध्यक्ष विमल बस्सी ने कहा कि आधार हर आम आदमी की पहचान है लेकिन वर्ग के लोगों के आधार कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं जो वर्ग के लोगों के साथ अन्याय है। अनदेखी को लेकर 23 मई को नगर पंचायत नादौन परिसर में बैठक का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में संघर्ष के लिए रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि वर्ग के लोगों के आधार कार्ड बनना शुरू नहीं हुए तो शीघ्र ही धरना प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे। आधार कर्मी वर्ग की अनदेखी कर रहे हैं। विकलांग आधार कार्ड बनवाने के लिए कार्यालय के चक्कर काट-काट कर थक चुके हैं। झलाण पंचायत की विकलांग महिला टैक्सी का किराया खर्च कर आधार कार्ड बनवाने पहुंची थी लेकिन आधार कर्मियों ने कार्ड बनाने से मना कर दिया। महिला के परिजन उसे पांच किलोमीटर दूर कोपड़ा गांव ले गए जहां पर महिला का आधार कार्ड बना दिया गया।
नादौन में तैनात कर्मी विशेष टीम द्वारा आधार कार्ड बनाने की बात कह रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र ही आधार कर्मियों को कार्ड बनाने के निर्देश देने का आग्रह किया है। अन्यथा विकलांग धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। उधर आधार कार्ड बनाने वाले कर्मी अश्वनी कुमार का कहना है कि विकलांगों का आधार कार्ड बनाने के लिए शिमला से विशेष टीम आती है। यहां पर फिंगर प्रिंट लेने का कोई साधन नहीं है।
