लोगों की सुरक्षा को लेकर समझौता नहीं

सोलन । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा कर्नल धनीराम शंाडिल ने कहा कि शूलिनी मेला बहुत प्राचीन है। परंपराओं को यथावत कायम रखा जाएगा। सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। लोगों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न न हो, झांकियों में उमड़ने वाली भीड़ के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए उन्होंने पुलिस अधीक्षक को पुख्ता इंतजाम करने को कहा। वे राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले के प्रबंधों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला 21 से 23 जून तक चलेगा। इसके लिए 17 विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान बैठने, खाने-पीने व सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित बनाए जाएंगे। मेले के दौरान व्यक्तिगत तौर पर तथा बेहतर कार्य करने वाली समितियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। यह समितियां मां शूलिनी में पूजा स्थल, शोभायात्रा से लेकर मेले के दौरान विभिन्न गतिविधियों को सुचारू व सफल बनाने को अमलीजामा पहनाएंगी। इस बार अतिरिक्त सुरक्षा समितियों का गठन भी किया गया है। उपायुक्त मीरा मोहंती एसडीएम सीपी वर्मा के अलावा पूर्व विधायक कृष्णा मोहिनी, नगर परिषद् अध्यक्ष कुल राकेश पंत, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी राहुल ठाकुर, पाषर्द गण, अजय सिंह चौहान महामंत्री, अरविंद गुप्ता, सुरेंद्र सेठी, प्रताप चंद, विनोद कुमार, सरदार सिंह, अजय भंडारी, संजय शर्मा, पंचायत समितियों के सदस्य और संजय अवस्थी मौजूद रहे।सहायक आयुक्त सुभाष सकलानी ने कार्रवाई का संचालन किया।
वालंटियरों की ली जाएंगी सेवाएं
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सेवादल, युवक मंडलों व स्वैच्छिक संस्थाओं के 200 से अधिक अधिक वालंटियरों की सेवाएं भी ली जाएंगी। मेला मिलन का नाम है, जहां लोग दूर-दूर से आकर एक-दूसरे से मिलते हैं। सभी लोग अच्छी यादें मेले से लेकर जाएं इस बात को पुख्ता बनाना जिला प्रशासन तथा आम लोगों की जिम्मेवारी है।

चौकस रहे स्वास्थ्य विभाग
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अतिरिक्त चिकित्सकों तथा पैरा मेडिकल स्टाफ की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने मेले के दौरान लगाए जाने वाले लंगर से किसी प्रकार की गंदगी न फैले, इसके लिए नगर परिषद् को पर्याप्त कूड़ादान और सफाई कर्मी लगाने का आग्रह किया।

सादे कपड़ों में तैनात होंगे पुलिसवाले : एसपी
पुलिस अधीक्षक रमेश छाजटा ने कहा कि मेले के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मचारी वर्दी में और बिना वर्दी के मौजूद रहेंगे। जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पुलिस चौकस है और अपनी ड्यूटी बखूबी निभा रही है।

Related posts