64 पंचायतों को 741 सौर स्ट्रीट लाइटें मंजूर

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। ब्लॉक देहरा की दर्जनों पंचायतें शीघ्र ही दुधिया रोशनी से जगमग करेंगी। इन पंचायतों में सौर ऊर्जा चालित स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इनकी मंजूरी ब्लॉक कार्यालय को मिल चुकी है। इनकी मंजूरी मिलने के बाद पंचायत समिति सदस्य उत्साहित हैं। पंचायत समिति देहरा ने कुछ माह पहले परियोजना निदेशक धर्मशाला को पंचायतों में सौर ऊर्जा से चलने वाली स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव को आगामी कार्रवाई के लिए परियोजना निदेशक ने हिम ऊर्जा विभाग को भेज दिया। इस प्रस्ताव को हिम ऊर्जा विभाग ने मंजूर कर लिया है। विभाग ने ब्लॉक देहरा के लिए सौर ऊर्जा से चलने वाली करीब 741 स्ट्रीट लाइट स्वीकृत की हैं। लेकिन, इससे पहले केंद्र सरकार से मंजूरी के लिए यह प्रस्ताव ऊर्जा मंत्रालय को जाएगा। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद ही आगामी कार्रवाई शुरू होगी। यह स्ट्रीट लाइटें सब्सिडी पर लोगों को मिलेंगी। मामूली राशि चुकता करने के बाद लोग इस स्ट्रीट लाइट को अपने घरों के आसपास या रास्तों पर लगा सकते हैं। ब्लॉक देहरा के तहत 64 पंचायतें आती हैं। बीडीओ देहरा मुनीष कुमार ने कहा कि ब्लॉक देहरा की पंचायतों के लिए हिम ऊर्जा विभाग की ओर से करीब सौर ऊर्जा से चलने वाली 741 स्ट्रीट लाइटें स्वीकृत हुई हैं। आगामी कार्रवाई ऊर्जा मंत्रालय की ओर से की जाएगी। स्ट्रीट लाइटें लोगों को सब्सिडी पर मिलेंगी। कुछ माह पहले पंचायत समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को पारित करके मंजूरी के लिए भेजा गया था।

Related posts