डिपो में न छोड़ें राशन कोटा : वीरभद्र

पालमपुर/धीरा (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि जिन लोगों का किसी माह का राशन डिपो में अगर रह जाता है तो वे उस राशन को अगले महीने में इकट्ठा ले सकते हैं। अगर कोई डिपोधारक इसमें आनाकानी करता है तो वह सीधे उपायुक्त या सरकार के पास शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को सस्ता राशन मुहैया करवाने के लिए वह हर साल 250 करोड़ रुपये खर्च कर रहे हैं। उपभोक्ताओं के इलेक्ट्रानिक कार्ड बनाए जा रहे हैं। सुलह विस के गांव नौरा में कॉलेज भवन के शुभारंभ के बाद जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह निजी शिक्षण संस्थानों के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन, यह सुनिश्चित बनाया जाएगा कि वे गुणात्मक शिक्षा, प्रशिक्षित शिक्षण स्टाफ एवं पर्याप्त अधोसंरचना उपलब्ध करवाएं। किसी भी निजी शिक्षण संस्थान को शिक्षा के नाम पर व्यवसाय करने की स्वीकृति नहीं दी जाएगी। प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में तीन विश्वविद्यालय, दर्जनों कॉलेज एवं हजारों स्कूल कार्यरत हैं। आवश्यकतानुसार और शिक्षण संस्थान शुरू किए जाएंगे।
पूर्व भाजपा सरकार ने रेवड़ियों की तरह विश्वविद्यालय बांटे थे, लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। प्रदेश को भाषा और इलाके के नाम पर बांटने वाले उनके कभी मित्र नहीं हो सकते। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, परिवहन मंत्री जीएस बाली, मुख्य संसदीय सचिव जगजीवन पाल, विधायक यादवेंद्र गोमा, पवन काजल, संजय रत्न, केसीसी बैंक के निदेशक जगदीश सिपहिया, वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, पूर्व सांसद चंद्र कुमार, सुरेंद्र काकू, प्रदेश इंटक महामंत्री सीता राम सैणी, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मनभरी देवी, सचिव कमला कपूर, उतरा गुलेरिया, सुनील शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केएल मेहता, महासचिव मदन भाटिया, युकां अध्यक्ष अरविंद समकड़िया, पंचायत प्रधान कांता, जिला पार्षद सविता भटेड़िया, उपायुक्त सी पालरासू, एसपी बलजीत ठाकुर, एसडीएम भूपेंद्र अत्री, डीएसपी नवदीप सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related posts