थिल क्षेत्र के लिए दो नई बसें चलाने का ऐलान

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में ज्वालामुखी विकास की राह पर अग्रसर है। ज्वालामुखी कन्या, डोला, ढाटी, अधवाणी और गुम्मर के अलावा करीब एक दर्जन स्कूलों को मुख्यमंत्री ने 10वीं से जमा दो अपग्रेड कर ज्वालामुखी की जनता को तोहफा दिया है। इन स्कूलों में आगामी सत्र से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। संजय रत्न थिल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वार्षिकोत्सव के दौरान बोल रहे थे। इससे पहले इन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विशेष अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष स्वतंत्रता सेनानी कल्याण बोर्ड हि.प्र पं सुशील रत्न भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रिंसिपल रघुवीर सिंह सयाल ने मुख्य अतिथियों का स्टाफ सहित फूलमालाओं से स्वागत किया। रघुवीर सिंह सयाल ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर वार्षिक गतिविधियों से अवगत करवाया।
विधायक ने थिल स्कूल को आगामी सत्र से अतिरिक्त भवन बनाने, महिला भवन थिल का निर्माण, 3 लाख की लागत से मरहणा पुल बनाने, कंडी टली ऐरला सड़क को शीघ्र पूरा करने, थिल को सड़क से जोड़ने, थिल क्षेत्र के लिए दो नई बसें चलाने के बारे में घोषणा की। इस दौरान बच्चों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि ने वार्षिक प्रतिस्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेहतरीन प्रस्तुतियों पर अपनी ऐच्छिक निधि से 5100 रुपये और प्राइमरी स्कूल के बच्चों को 2100 रुपये की राशि दी। इस मौके पर थिल के प्रधान सरस्वती देवी, एसएमसी प्रधान प्रीतपाल, संजू राणा, सुरेंद्र मोहन, ज्ञानचंद, आशा रानी, सेवानिवृत्त मेजर ईश्वर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र राणा, एजूकेशन बोर्ड सदस्य सत्यपाल शर्मा, बीडीओ मुनीष शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, भवानी दत्त, सुरेंद्र काकू, संजीव सूद, सुरजीत कुमार, संदीप शर्मा, युकां अध्यक्ष नीरज शर्मा, लोनिवि एसडीओ एमएस परमार, एसडीओ आईपीएच आरसी वर्मा और सैकड़ों अभिभावक मौजूद रहे।

Related posts