हैंडबाल संघ को लेकर बवाल

ऊना। जिला में हैंडबाल संघ की हाल ही में गठित की गई कमेटी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। संघ की पिछली कमेटी में सदस्य रहे लोगों ने नई कमेटी के गठन के संदर्भ में कोई जानकारी न दिए जाने का आरोप लगाया है। इसके अतिरिक्त पूर्व कमेटी के अहम पदाधिकारियों की ओर से पिछले तीन सालों का कोई भी ब्योरा न देने, प्रतियोगिता न करवाने और खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र भी न देने के आरोप जड़ डाले हैं। हैंडबाल संघ की जिला इकाई के सदस्य रमेश सैणी, तिलक राज, जीसी चौधरी, डा. विजय डोगरा, एसएन शुक्ला, जगदीश राम, अनिल शर्मा, महेंद्र डोगरा, कर्नल वेद प्रकाश, विकास डढवाल, भीष्म पाल, धीरज ठाकुर, सोनिया जलवाल, अजय सैणी, जतिंद्र सैणी, कांता पराशर का कहना है कि पिछले तीन साल में संघ की कोई बैठक भी नहीं हुई है। पिछले सालों के दौरान हुई प्रतियोगिताओं में खेलने वाले खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र तक नहीं दिए जा सके हैं। तीन सालों का कोई लेखा-जोखा भी प्रस्तुत नहीं किया जा सका है। तमाम चीजों के लिए संघ के कई पदाधिकारियों को सदस्यों की ओर से तीन बार बुलाया गया। लेकिन, झूठे दावे कर बिना किसी को विश्वास में लिए असंवैधानिक तरीके से संघ के चुनाव करवा लिए गए हैं। जबकि पिछले 15 साल से वे सभी संघ से जुड़े हुए हैं।

आरोप लगाने वाले सदस्य तक नहीं : सचिव
संघ के सचिव प्रवीण दुबे का कहना है कि सभी को चुनाव के संदर्भ में सूचित किया गया था। आरोप लगाने वालों में से कुछ लोग तो हैंडबाल संघ के सदस्य तक नहीं है। हाल ही में हुए संघ की जिला इकाई के चुनाव पूर्ण रूप से संवैधानिक हैं।

Related posts