हिमाचल प्रदेश में सियासी हलचल तेज, प्रदेश भाजपा और हाईकमान के बीच क्या पक रहा है

हिमाचल प्रदेश में सियासी हलचल तेज,  प्रदेश भाजपा और हाईकमान के बीच क्या पक रहा है

शिमला
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के दिल्ली जाने से सियासी हलचल तेज हो गई है। मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भी केंद्रीय नेताओं से भेंट कर हिमाचल लौट आए हैं। दूसरी ओर, हाईकमान ने कांगड़ा में एक कार्यक्रम में जा रहे अनुराग ठाकुर को भी पिछले दिनों दिल्ली बुलाया। पिछले हफ्ते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी सीएम जयराम ठाकुर को बिहार विधानसभा चुनाव की व्यस्तता के बीच दिल्ली बुलाया। इससे प्रदेश भाजपा की राजनीति गरमाई हुई है।

हिमाचल प्रदेश के भाजपा नेताओं और हाईकमान के बीच यह पक क्या रहा है। इस बारे में तो स्पष्ट जानकारी अभी तक बाहर नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि राज्य में सरकार और संगठन को आलाकमान अधिक चुस्त चाह रहा है। करीब दो साल बाद हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं तो हाईकमान चाहता है कि सरकार यहां किसी भी सूरत में रिपीट करे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि वह दिल्ली में हैं। वह लोकसभा की एक कमेटी की बैठक में शामिल होने वहां गए हैं। हालांकि बिहार विधानसभा चुनाव की व्यस्तता के बीच वह मिल पाएंगे कि नहीं, यह वह नहीं जानते हैं। वह उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं देना चाहते हैं।

 

Related posts