
खराहल (कुल्लू)। भुंतर स्थित कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे के विस्तारीकरण का मामला कई दशक से अधर में लटका हुआ है। आज तक इस मसले को गंभीरता से उठाने में मंडी से चुने गए तमाम सांसद विफल रहे हैं। इस हवाई अड्डे पर बडे़ जहाज को लैडिंग में मुश्किल होती है, जिससे घाटी में हाईप्रोफ ाइल सैलानियों की आवक भी अपेक्षाकृत कम ही रहती है। इतना ही नहीं, कुल्लू से वापस दिल्ली के लिए आधे से कम ही यात्री ले जाने पड़ते हैं। ऐसे में यात्रियों को दोगुणा किराया भी अदा करना पड़ता है। इसके चलते स्थानीय लोगों और पर्यटकों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ती है। मंडी संसदीय सीट से भाजपा और कांग्रेस के कई बडे़ नेता संसद में पहुंचे हैं, लेकिन कुल्लू -मनाली के हवाई अड्डे के विस्तार के मसले को किसी भी नेता ने आज तक गंभीरता से नहीं उठाया। हर बार के चुनाव में लोगों और पर्यटन से जुडे़ कारोबारियों को सियासी दलों ने आश्वासन के सब्जबाग ही दिखाए हैं, लेकिन धरातल पर इस समस्या का निदान करने में तमाम दल के चुने हुए सांसद सफल नहीं हुए हैं। इससे पर्यटन कारोबारियों तथा लोगों में काफी आक्रोश है।
बाक्स:-
कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे का विस्तार कांग्रेस दस साल में सत्ता पर काबिज होते हुए नहीं कर सकी है। इस मसले को गंभीरता से उठाने में कांग्रेस के सांसद व केंद्रीय मंत्री नाकाम रहे हैं। इससे पता चलता है कि कांग्रेस आम जनता की कितनी हितैषी है। चुनाव जीतने पर इस मुद्दे को संसद में जोरशोर से उठाएंगे।
….रामस्वरूप शर्मा भाजपा प्रत्याशी मंडी संसदीय सीट
बाक्स:-
भुंतर हवाई अड्डे के विस्तार के लिए ठोस नीति के तहत बजट का प्रावधान केंद्रीय सरकार से दिलाने का अथक प्रयास किया जाएगा। चुनाव जीतने के बाद इस मामले को संसद में गंभीरता से उठाएंगे। इसके लिए पहले भी प्रयास किए हैं, कुछ कागजी औपचारिकता पूरी करनी जरूरी है। इसके लिए कांग्रेस सरकार प्रयासरत है।
……प्रतिभा सिंह कांग्रेस प्रत्याशी मंडी लोस क्षेत्र
