खत्म को चुकी है हिलोपा : खीमी राम

कुल्लू। पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा का कहना है कि प्रदेश में हिलोपा लगभग खत्म हो चुकी है। हिलोपा में गए अधिकतर लोग भाजपा में वापस आ गए हैं। लारजी में भाजपा की जनसभा में पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हिलोपा का कोई प्रत्याशी नहीं है। इसलिए बंजार विस क्षेत्र में हिलोपा के जो भी लोग थे, उनमें से कुछ भाजपा के साथ आ गए हैं और कुछ भाजपा का साथ देने का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि बंजार विस क्षेत्र में प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में सड़कों का जाल बिछाया गया है, जबकि कांग्रेस के शासन में बंजार विस क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। कांग्रेस ने केवल बंजार के लोगों को गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार धूमल ने सैंज के लोगों की मांग पर सैंज में कॉलेज खोलने की अधिसूचना जारी कर दी थी और उसके लिए बजट का भी प्रावधान किया था, लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आते ही सैंज कॉलेज की अधिसूचना रद्द कर दी। इसके अलावा भाजपा ने कई स्कूलों का दर्जा बढ़ाने की भी अधिसूचना जारी की थी। इसमें से भी कांग्रेस ने अधिकतर स्कूलों के दर्जा बढ़ाने की अधिसूचना को रद्द कर दिया। उन्होंने दावा किया कि इस बार बंजार विधानसभा क्षेत्र की जनता भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा और भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को वोट देेने का मन बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि बंजार से भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों की लीड मिलेगी। इस अवसर पर मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी चंद्रसेन ठाकुर, बंजार मंडल अध्यक्ष चुन्नी लाल ठाकुर, जिला महामंत्री भीमसेन शर्मा, प्रताप ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओम प्रकाश, बंजार भाजयुमो अध्यक्ष हरीराम चौधरी आदि मौजूद थे।

Related posts