स्तुति की मौत के आरोपी बाइक चालक को पकड़ें

सरकाघाट (मंडी)। महाविद्यालय सरकाघाट के बाहर 23 दिसंबर को बाइक की टक्कर से हुई लार्डज कान्वेंट स्कूल की छात्रा स्तुति की मौत के मामले में आरोपी बाइक चालक को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। इससे खफा स्कूली बच्चों ने शनिवार को बाजार में रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। साथ ही पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
लार्डज कान्वेंट स्कूल के चेयरमैन कर्नल बलवंत बराड़ी के नेतृत्व में छात्राओं और स्कूल प्रशासन ने एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर को ज्ञापन सौंपकर आरोपी को जल्द पकड़ने की मांग की। महाविद्यालय की एबीवीपी की स्थानीय इकाई ने भी इस मामले को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी के सदस्य विकाश शर्मा ने बताया कि एसडीएम ने दो दिन के भीतर कॉलेज गेट के बाहर बैरिकेट्स और स्पीड ब्रेकर लगाने की बात कही है।
एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि बाइक सवार की तलाश के लिए पुलिस दल भेज दिया है। शीघ्र ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में परिषद के सचिव प्रवीण, नगर मंत्री पलविंद्र, छात्रा सह प्रमुख शालिनी गौतम, सुशील, मुनीश, विशाल, कामिनी और अजय सहित स्कूल प्रशासन मौजूद रहा।

Related posts