कागजों में सीएचसी स्टाफ पीएचसी का

गोहर (मंडी)। मंडी जिले के सिराज विस क्षेत्र के बगस्याड में बना एफआरयू अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के चलते लोग परेशान हैं। इस अस्पताल की धरातल की सच्चाई यह है कि कागजों में एफआरयू अस्पताल बगस्याड सीएचसी है और इसमें सरकार ने स्टाफ पीएचसी का तैनात कर रखा है।
भवन एफआरयू के नाम से है। सरकार ने सिराज विस क्षेत्र में दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को हर तरह की स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाने के लिए बगस्याड में एफआरयू (फर्स्ट रेफरल यूनिट) अस्पताल खोला था लेकिन अस्पताल का भवन तो बना दिया लेकिन सुविधाएं नाममात्र की हैं। केंद्र सरकार के कार्यक्रम नेशनल रूरल हेल्थ मिशन कार्यक्रम के तहत बगस्याड में एफआरयू अस्पताल खोलने की घोषणा की थी लेकिन इस अस्पताल का भवन तो बना दिया है लेकिन सुविधाओं के नाम पर यहां के ग्रामीण लोगों के साथ छलावा कर रहे हैं। एफआरयू अस्पताल में निर्धारित मापदंडों के तहत छह विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात होने चाहिए। इसके साथ 4 मेडिकल आफिसर भी एफआरयू में तैनात रहने का प्रावधान है। बीडीसी सदस्य मोहर सिंह, नारायण सिंह, तेज सिंह ठाकुर, रूप लाल शर्मा, रमेश ठाकुर, देवी सिंह, ममता ठाकुर और लोकेश कुमार ने बताया कि एफआरयू अस्पताल में सुविधाए न मिलने से उन्हें 100 किलोमीटर दूर मंडी या सुंदरनगर जाना पड़ता है। क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि बगस्याड़ एफआरयू अस्पताल में शीघ्र विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाए। बीएमओ बगस्याड़ डा. नरेश चंद ने बताया कि एफआरयू अस्पताल बगस्याड़ का मामला सरकार के ध्यानार्थ है।
सरकार से की जाएगी बात : जयराम
पूर्व मंत्री एवं विधायक सराज जयराम ठाकुर ने बताया कि अस्पताल में विशेषज्ञों की तैनाती को लेकर सरकार से बात की जाएगी। उन्होंने बताया कि सराज की जनता से खिलवाड़ सहन नहीं होगा।

Related posts