
सोलन। वीरवार देर रात तेज बारिश आफत बनकर बरसी। सोलन शहर में बिजली, पानी और यातायात व्यवस्था हांफने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। भूस्खलन के कारण कई घरों को खतरा पैदा हो गया है। जगह-जगह बिजली की तारें टूटने से बिजली गुल रही। रबौण, आंजी और अस्पताल रोड, गंज बाजार और चौक बाजार में बिजली गुल रहने से सैकड़ों परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पांच घंटे तक सैकड़ों लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा। यातायात पर भी मौसम का काफी असर दिखा।
सोलन-कुमारहट्टी बाइपास मार्ग तड़के सुबह कुछ देर के लिए बाधित रहा। वहीं चंबाघाट में सरकारी कार्यालयों व गोदामों में पानी भरने से लाखों रुपये का सामान खराब हो गया। हालांकि शुक्रवार को मौसम खुलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
08 लाख तक नुकसान
एसडीएम सोलन टाशी संडूप ने कहा कि छह से सात लाख तक के नुकसान का अनुमान है। फील्ड स्टाफ स्थिति का जायजा ले रहा है। नियमानुसार सहायता राशि प्रदान की जाएगी। अब तक की सूचना के मुताबिक पूरे उपमंडल में 7 गौशाला, दो मकान और 06 से अधिक डंगे धंसे हैं। जल्द नुकसान के आकलन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
बिजली प्रभावित
रबौण, आंजी, फेस-1, फेस-2 में पांच घंटों तक बिजली गुल रही। दोपहर एक बजे तक बिजली व्यवस्था दुरुस्त की जा सकी। प्रभावितों में ज्योति, ललिता, अमित कुमार, दीपक शर्मा, अनिकेत, प्रवीण ठाकुर का कहना है कि सुबह दफ्तर जाने के वक्त बिजली गुल होने से कामकाज प्रभावित रहा। अस्पताल मार्ग, गंज बाजार, मालरोड और चौक बाजार में भी बिजली बाधित होने से परेशानी रही।
सड़क यातायात : आंजी में भूस्खलन
कुमारहट्टी बाइपास में आंजी के पास राधास्वामी मार्ग पर भूस्खलन के कारण डंगा धंस गया। डंगे के पास पार्क वाहन मलबे की चपेट में आकर दब गए। रात करीब डेढ़ बजे यह हादसा हुआ। लोग घरों से बाहर निकल आए। सुबह रास्ते को बहाल किया गया। प्रभावितों ने मुआवजे की मांग की है। वहीं सोलन-कुमारहट्टी बाइपास में शमलेच के आगे जगह-जगह भूस्खलन होने से यातायात प्रभावित रहा।
पानी: लो वोल्टेज की समस्या
तेज बारिश से बिजली की आंख मिचौली रही। इसके चलते पानी की पर्याप्त सप्लाई सही ढंग से नहीं पहुंच सकी। गिरि में लो वोल्टेज की समस्या से पानी की लिफ्टिंग कम हो सकी। ऐसे में शनिवार कम पानी की सप्लाई के आसार है। वहीं परिषद के अभिंयता के मुताबिक पर्याप्त पानी की सप्लाई के प्रयास होंगे।
रेल यातायात : ट्रैक पर गिरा मलबा
वीरवार नौ घंटे बंद रहने के बाद शिमला कालका रेलमार्ग मुश्किल से खुला। रात को भारी बारिश के कारण जगह-जगह मलबा आ गया। हालांकि इसमें रेल यातायात पर असर नहीं पड़ा। सुबह से ही कर्मचारी ट्रैक खोलने के लिए मशक्कत करने लगे। चंबाघाट रेलवे फाटक के पास और शमलेच के पास भी ट्रैक पर मलबा गिर गया।
खतरा : घरों में आई दरारें
सोलन के शिल्ली रोड में घरों में दरारें आने की सूचना है। वहीं सन्नी साइड स्थित स्कूल में पानी आ गया। चंबाघाट स्थित हिमाचल प्रदेश सामान्य उद्योग निगम के कार्यालय में पानी भरने से करीब चार लाख रुपये की लकड़ी खराब हो गई। इसमें सनमाइका, फिनिश वुड, कुर्सियां और अन्य सामान रखा गया था।
