
सोलन। रूसा की नीतियों और महिला सशक्तिकरण को लेकर डिग्री कालेज की एसएफआई इकाई ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कालेज इकाई ने इन्हीं मुद्दों को लेकर डीसी चौक से लेकर पुराने बस स्टैंड तक रैली निकाली और प्रशासन से रूसा के नियमों और छात्राओं की सुरक्षा के लिए कडे़ कदम उठाने की मांग की।
इकाई जिला सचिव मोहित वर्मा ने कहा कि जब से रूसा अधिनियम लागू हुआ इकाई विरोध करती आ रही है, लेकिन विवि प्रशासन ने अभी तक रूसा के नियमों में कोई फेरबदल नहीं किए हैं। इससे पहले विवि कुलपति भाजपा सरकार के साथ और अब कांग्रेस सरकार से मिलकर छात्र विरोधी नीतियां तैयार कर रहा है। इकाई ने विवि प्रशासन ने मांग की है कि यदि शिक्षा विरोधी नीतियोें में कोई सुधार नहीं किया गया तो इकाई जल्द ही उग्र आंदोलन छेड़ेगी।
छात्रा अधिवेशन का समापन
सोलन। विरोध प्रदर्शन के साथ एसफआई का कालेज परिसर में जिला स्तरीय छात्रा अधिवेशन भी हुआ। जिसमें इकाई ने प्रशासन से जिला प्रत्येक कालेज में गर्ल्स टास्क कमेटी गठित करने की मांग की गई। वहीं गर्ल्स एसएफआई सब कमेटी प्रधान सिल्की ने नालागढ और अर्की से आई छात्राओं को उनके अधिकारों के बारे में अवगत करवाया और छात्राओं को इस लड़ाई को लड़ने के लिए प्रेरित किया। सिल्की ने बताया कि इस संदर्भ में 10 व 12 जुलाई को एसएफआई शिमला में अखिल भारतीय सम्मेलन करने जा रही है। जिसमें छात्राओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर इकाई राज्य अध्यक्ष कपिल भारद्वाज, सह सचिव बाबू राम, विवि एससीए उप प्रधान प्रियंका चौहान, चारू, हरीति, अंकिता, दीक्षा, रितिका, ज्योति, टीकम, सोनू, ईशा, एंजल, प्रीति और किरण मौजूद रही।
