
ताल (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत दिम्मी क्षेत्र में एक जंगली सुअर ने दो बाइक सवारों पर हमला कर दिया। इससे बाइक सवार बुरी तरह घायल हुए हैं। दोनों घायलों को सीएचसी टौणीदेवी पहुंचाया। बाद में उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल रेफर किया गया। एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 22 दिसंबर रविवार शाम रणवीर सिंह और रोहित कुमार निवासी टिक्कर मअुंआ टौणीदेवी से मोटरसाइकिल पर घर जा रहे थे। जैसे ही दोनों दिम्मी के पास पहुंचे तो एक जंगली सुअर ने दोनों पर हमला कर दिया। इससे दोनों बाइक से सड़क पर गिर गए। सुअर ने हमला जारी रखा और दोनों को लहूलुहान कर दिया। दोनों बेहोश हो गए। उसके बाद रोहित कुमार को होश आया तो वह मदद के लिए चिल्लाया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और 108 की सहायता से दोनों को सीएचसी टौणी देवी पहुंचाया। हालत को देखते हुए रणवीर और रोहित को क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। रणवीर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। रोहित का क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों राकेश कुमार, विनोद कुमार, हेम राज, पुष्पा देवी, विजय कुमार, रवि कुमार, मनोरमा देवी, कुलदीप चंद, विनय कुमार, गुलशन कुमार, पिंकी देवी, उर्मिला देवी, नरेश कुमार, करतार चंद, सुमन कुमार, चमन लता, प्रताप चंद, केहर सिंह, राजेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने ऐसे जंगली जानवरों को वन विभाग से पकड़ने की मांग की है।
एक घायल युवक को क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। रणवीर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
-डा. रमेश चौहान, एसएमओ, क्षेत्रीय अस्पताल
विभाग को कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसा मामला होगा तो पीड़ित परिवार घायल युवकों के मेडिकल बिल विभाग के पास जमा करवाए। उन्हें आर्थिक राहत जारी कर दी जाएगी।
