मैडम, हत्यारोपियों को जल्द पकड़ें

हमीरपुर। मैडम, ठेका सेल्समैन के हत्यारोपियों को जल्द पकड़ा जाए। उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे धकेला जाए। यह गुहार ग्राम पंचायत महल के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी वीना भारती से लगाई है। प्रतिनिधिमंडल सोमवार को एसपी से मिला। एसपी ने भी आरोपियों को शीघ्र पकड़ने का आश्वासन दिया है।
प्रतिनिधिमंडल में अश्वनी कुमार, अजय शर्मा, लेखराज, पवन शर्मा, शैलेश गौतम, मनोज कुमार, संजय कुमार, बलदेव, मनोज, विजय, मदन लाल, मारुतिकांत शर्मा आदि ने बताया कि अमरनाथ पुत्र उधमी सिंह निवासी महल एक शराब ठेका में बतौर सेल्समैन तैनात था। 19 दिसंबर की रात करीब 10 बजे कुछेक लोगाें ने अमरनाथ को मिठाई में जहरीला पदार्थ खिला दिया। इससे वह बेहोश हो गया और अगले दिन सुबह करीब साढे़ सात बजे तक पड़ा रहा। लोगों ने देखा तो उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। शराब ठेका के मालिक ने सूचना पुलिस थाना भोरंज में दी। सुबह करीब 11 बजे अमरनाथ को क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत में कोई सुधार न होने पर 21 दिसंबर को चिकित्सकों ने उसे टांडा रेफर कर दिया। यहां रात करीब 10 बजे अमरनाथ ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अमरनाथ की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। उसका 28 वर्ष का एक बेटा है जिसकी जनवरी माह में शादी है। ऐसे में उसके बेटे के सिर से माता पिता की ममता का साया उठ गया है। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मांग की है कि अमरनाथ के हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उधर, एसपी वीना भारती ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related posts