सीजन की पहली बर्फबारी, जाखू ने ओढ़ ली सफेद चादर

सीजन की पहली बर्फबारी, जाखू ने ओढ़ ली सफेद चादर

शिमला
शिमला शहर में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। प्रदेश के आधा दर्जन जिलों में हिमपात से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। 250 से ज्यादा सड़कें बंद व सैकड़ों बस रूट प्रभावित हैं। जाखू में 3 से 4 इंच तक बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से कई एंबुलेंस मार्ग, पैदल रास्ते बंद हो गए हैं। नगर निगम ने इन्हें साफ कर यातायात बहाल करने के लिए कर्मचारी तैनात किए हैं।

हिमाचल प्रदेश में शनिवार और रविवार को क्षेत्रवार रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दो दिनों के दौरान मैदानी जिलों में झमाझम बारिश और मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान है। सोमवार से मौसम में सुधार आने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को रोहतांग में बर्फबारी और धर्मशाला, पालमपुर में बारिश हुई। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहे। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही कई क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गए हैं।
लाहौल स्पीति, किन्नौर और चंबा में जनजीवन प्रभावित
लाहौल स्पीति, किन्नौर और चंबा जिला के कई क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त चल रहा है। शुक्रवार शाम तक प्रदेश में 238 सड़कें और 116 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। सबसे अधिक 162 सड़कें लाहौल स्पीति जिला में ठप हैं। इसके अलावा सात पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। शनिवार और रविवार को बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, ऊना, शिमला और सिरमौर जिले के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

Related posts