
चंबा। साहो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल रही हैं। इस कारण शाम चार बजे के बाद कोई बीमार हो जाए जो उसे इलाज के लिए करीब 25 से 30 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय ले जाना पड़ता है। इससे साहो सहित साथ लगती पंचायतों के लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। छह पंचायतों के केंद्र में बनी सीएचसी में स्वास्थ्य महकमे ने 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने की अनुमति नहीं दी है। सीएचसी के समीप ही डॉक्टरों के ठहरने के लिए आवास भी बनाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि साहो में साहो, परोथा, रजिंडू, कीड़ी, सराहण व पल्यूर पंचायतों के लोग उपचार के लिए आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीएचसी में प्रतिदिन काफी संख्या में लोग उपचार के लिए आते हैं। शाम चार बजे के बाद सीएचसी में मरीजों को उपचार नहीं मिल पाता है। इससे क्षेत्र की हजारों आबादी को मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। साहो पंचायत के प्रधान ओम प्रकाश, हमेश, जोगिंद्र, पवन कुमार, धर्मेंद्र, ईश्वर, आसो राम, पप्पू राम, सोनू कुमार, नरेश कुमार, विरेंद्र कुमार, हैप्पी व ठेलु राम का कहना है कि सीएचसी में 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाई जाए। उधर, इस संदर्भ में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। इस दिशा में जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
