
चंबा। जिला चंबा में लोकसभा चुनावों के दौरान चुनावी ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारियों ने प्रशासन पर दुर्व्यव्यहार का आरोप लगाते हुए मोरचा खोला। वीरवार सुबह कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों के खिलाफ एसडीएम कार्यालय के बाहर कुछ देर के लिए शांतिपूर्ण धरना दिया। हालांकि विवाद को बढ़ता देख आपसी रजामंदी से मामले को सुलझा दिया गया। धरना करने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का आरोप था कि बुधवार रात को तीन बजे तक उनसे ईवीएम की पेटियां अंदर रखवाई गईं। इसके बाद नाश्ते के वक्त उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इससे कर्मचारियों में रोष देखा गया।
उधर, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के प्रधान नरेश शर्मा ने बताया कि दुर्व्यवहार के चलते चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नाराज हुए थे। आपसी रजामंदी से मामला सुलझा लिया गया था। उन्होंने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाना चाहिए। उधर, एसडीएम चंबा बचन सिंह ने बताया कि उन्हें इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली थी।
