सुरंग बनने से शिमला की दूरी होगी दो घंटे कम

चंबा। जिला प्रोग्रेसिव काउंसिल की बैठक वीरवार को अध्यक्ष हरि राम पुरी की अध्यक्षता में हुई। इसमें चंबा-चुवाड़ी सुरंग निर्माण के बारे में विशेष रूप से चर्चा की गई। प्रोग्रेसिव काउंसिल के अध्यक्ष हरिराम पुरी ने कहा कि इस सुरंग का निर्माण शीघ्र किया जाना चाहिए। उन्होंनेे कहा कि इस सुरंग के निर्माण से चंबा जिले की कई समस्याएं हल हो सकती हैं। पुरी ने कहा कि सुरंग निर्माण से चंबा से शिमला की दूरी दो घंटे कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में जनसभा के दौरान सभी प्रत्याशियों ने इस सुरंग के निर्माण का जिक्र किया था। पुरी ने कहा कि इस सुरंग के निर्माण के बारे में सरकार को जल्द ही एक पत्र लिखा जाएगा। इसके अलावा शहर में लावारिस पशुओं की तादाद दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। लावारिस पशुओं के सड़कों पर घूमते रहने से सड़क पर लोगों का पैदल चलना मुश्किल होता जा रहा है। इसके अलावा सड़क पर वाहन चालकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन आज तक नप की ओर से कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के बारे में उपायुक्त संदीप कदम को भी अवगत करवा दिया गया है। पुरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने चंबा जिले के लिए मेडिकल कॉलेज को स्वीकृत किया है। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि मेडिकल कॉलेज के लिए जल्द भूमि का चयन करके निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए। इस कालेज के निर्माण से चंबा जिले के लोगों को काफी फायदा होगा। इस अवसर पर एमएल पुरी, नरेश पुरी, गुरुमुख सिंह, राजिंद्र शर्मा, रमेश महाजन, वीएम महाजन, डा. उमेश पुरी, डा. ओपी पुरी, बीके पुरी, रत्न सिंह, प्रवीन शेखरी, सुरिंद्र चौणा, सुरिंद्र भंडारी, डा. सुनील पुरी व यादव चौणा उपस्थित रहे।

Related posts