तुन्नूहट्टी बैरियर पर छह स्लीपर सहित दो धरे

ककीरा (चंबा)। चंबा-पठानकोट मार्ग पर स्थित तुन्नुहट्टी बैरियर पर वन विभाग की टीम ने एक ट्रक से देवदार के छह स्लीपर बरामद किए हैं। वन विभाग ने लकड़ी को कब्जे में ले लिया है। इसके अलावा ट्रक को जब्त कर लिया है। वीरवार सुबह रफीक मोहम्मद पुत्र नूरमाही और गुलजार पुत्र कासमदीन निवासी बड़ोह परगना साहो एक ट्रक नंबर एचपी 48-2689 में सवार होकर बड़ोह से पठानकोट की ओर जा रहे थे। गुप्त सूचना पर वन विभाग ने तुन्नुहट्टी चैकपोस्ट पर नाका लगा रखा था। नाके के दौरान ट्रक को चैकिंग के लिए रोका गया तो ट्रक बिल्कुल खाली था। जब वनरक्षक रमन कुमार ने ट्रक में अलग से बने बॉक्स का ढक्कन खोला तो वहां से देवदार के छह स्पीलर बरामद किए हैं। बरामद किए गए स्लीपरों की लंबाई छह से सात फुट के बीच है। पकड़ी गई इमारती लकड़ी की कीमत 25 हजार रुपये बताई जा रही है। वन विभाग की टीम ने गाड़ी व लकड़ी को जब्त कर लिया है।
उधर, आरओ महेंद्र सिंह ने बताया कि अवैध लकड़ी की तरस्करी पर आरोपियों का चालान कर जुर्माना किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ इंडियन फारेस्ट एक्ट 1927 की धारा 41, 42 और 52 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इंसेट …
लकड़ी तस्करी का बना है अंदेशा
जिस ट्रक को वन विभाग की टीम ने लकड़ी सहित पकड़ा है। उस ट्रक में लकड़ी छिपाने के लिए अलग से बॉक्स बनाया गया था। बॉक्स इसी तरह से बनाया गया था कि कोई भी इस बात का अंदाजा नहीं लगा सकता है कि ट्रक में कुछ ले जाया जा रहा है। आरोपियों के इस कारनामे के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी ट्रक के माध्यम से पहले भी लकड़ी की तस्करी हो चुकी है।

Related posts