
अंब (ऊना)। अंब में पांच युवकों ने मिलकर एक युवक के सिर पर रॉड से हमला कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। उसे घायलावस्था में तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन युवक की नाजुक हाल को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। वारदात के बाद पांचाें युवक मौके से फरार हो गए। इनमें से पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। वारदात की मुख्य वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर शाम आरुष शर्मा पुत्र प्रमोद चंद निवासी अंदौरा अंब में अपने किसी काम से आया हुआ था। इसी दौरान आरुष की मुलाकात गांव के ही युवक कार्तिक से हुई। बातों ही बातों में दोनों की किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। इसके बाद दोनों में जमकर लात-घूंसे चले। कार्तिक के साथ अन्य चार युवक भी झगड़े में कूद गए और आरुष पर हमला बोल दिया। तैश में आकर एक युवक ने आरुष के सिर पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वारदात के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। लोगों की मदद से आरुष को अंब अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उसे चिकित्सिकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।
उधर, अंब के डीएसपी मदन कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पांच युवकों को नामजद कर लिया है। कार्तिक को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य चार युवकों की धरपकड़ को लेकर जांच तेज कर दी है।
