मवा कहोलां में फंदे से लटका युवक

गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के मवा कहोलां ईंट भट्ठे के शैड में एक युवक का शव फंदे पर झूलता मिला है। घटना से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान कुलदीप कुमार निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। जो ईंट भट्ठे पर ही हेल्पर के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की वीडियोग्राफी की है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। जबकि मामले की आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मवा कहोलां ईंट भट्ठे पर हेल्पर 21 वर्षीय कुलदीप कुमार भट्ठे के ही शेड में शाल फाड़कर बनाए गए फंदे पर झूलता पाया गया। वह छत्तीसगढ़ के जिला जंजगीर का निवासी था। घटना का वक्त उस समय लगा, जब रोजाना की तरह सुबह कामगार भट्ठे पर पहुंचे। भट्ठा मालिकों और प्रबंधकों ने कुलदीप का शव लटका देखकर तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। डीएसपी अंब मदन कौशल और चौकी इंचार्ज हरजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया। डीएसपी मदन कौशल ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच तेज कर दी है।

Related posts