सर्पदंश से बालक की मौत

थानाकलां (ऊना)। बंगाणा उपमंडल की मोमन्यार पंचायत के त्यार गांव में 11 वर्षीय मासूम की सर्पदंश से मौत हो गई। पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार मृतक बालक 11 वर्षीय निखिल पुत्र सुरेश कुमार निवासी गांव त्यार रात को खाना खाकर करीब दस बजे अपनी मां अर्चना एवं अपनी आठ वर्षीय बहन अल्का के साथ सोया था। रात करीब चार बजे जहरीले सांप ने 11 वर्षीय निखिल केदाहिने हाथ की कलाई पर डंक मार दिया। मासूम के चिल्लाने पर मां ने विस्तर से उठ कर लाइट जला कर देखा तो उसके दाहिने बाजू की कलाई पर सांप के डंसने के निशान थे। स्थानीय लोगों की मदद से निखिल को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। ऊना में डाक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे घर भेज दिया, लेकिन सुबह साढे़ छह बजे के करीब निखिल की मौत हो गई। इस दुखद: घटना से समूचा क्षेत्र शोकग्रस्त है। गूगा नवमी की रात इस परिवार के लिए काल की रात बन कर आई तथा पल भर में ही परिवार के सपनों को चकनाचूर करके चली गई। थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Related posts