
ऊना। हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से ऊना जिला के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए नोडल सचिव बनाए गए जन शिकायत निवारण, प्रशासनिक सुधार एवं प्रशिक्षण विभाग (एआर/टीआरजी/आरपीजी) के प्रधान सचिव संजय गुप्ता ने जिले के सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की फीडबैक ली और अधिकारियों को फील्ड स्तर पर इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम आदमी और पात्र लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके । उन्होंने मैहतपुर-अंब रोड के स्तरोन्नत कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मैहतपुर-अंब रोड के स्तरोन्नत कार्य में पहले ही विलंब हो चुका है, इसलिए इस कार्य में विशेष रूप से तेजी लाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर पुलों के निर्माण के लिए सरकार द्वारा 54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
संजय गुप्ता ने बताया कि स्वां नदी के चतुर्थ चरण के तटीयकरण के लिए 922 करोड़ 84 लाख रुपये के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल गई है और शीघ्र ही इस पर कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ऊना जिले के लिए मंजूर किया गया नया औद्योगिक क्षेत्र पंडोगा में विकसित किया जा रहा है। गुप्ता ने मनरेगा सहित केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और पूर्ण कार्यों के यूसी तुरंत भेजने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना के लिए फंड की कोई कमी नहीं है। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी कि वे लंबित पड़े डिमारकेशन एवं पार्टीशन के मामलों सहित अन्य राजस्व संबंधी मामलों के निपटारे में तेजी लाएं। इस अवसर पर एडीसी दर्शन कालिया ने संजय गुप्ता को भरोसा दिलाया कि जिले में सरकार की सभी प्राथमिकताओं एवं योजनाओं को तवज्जो देकर उन्हें अमलीजामा पहनाया जाएगा। इस अवसर पर आईपीएच व विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंताओं एवं ऊना, अंब एवं बंगाणा के एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
