सब-जेल ऊना में अफीम समेत गृहरक्षक दबोचा

ऊना। स्थानीय सब जेल में होमगार्ड जवान और एक विचाराधीन कैदी से अफीम पकड़े जाने का मामला सामने आया है। मामले के चलते होमगार्ड जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि इसी घटना में शामिल विचाराधीन कैदी पहले से ही न्यायिक हिरासत में चल रहा है। बताया जा रहा है कि होमगार्ड जवान उसी विचाराधीन कैदी को अफीम की सप्लाई करता था। जिस पर नया केस दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। मामला जेल कर्मचारियों की मुस्तैदी से पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों की गतिविधियों पर सब-जेल स्टाफ को पहले से ही संदेह था। इसी के चलते सोमवार को कर्मचारियों ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया और मामले को पुलिस प्रशासन के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को ऊना स्थित सब-जेल में जेल कर्मचारियों ने होमगार्ड जवान प्यारे लाल और विचाराधीन कैदी सतनाम सत्ता को अफीम का आदान प्रदान करते दबोच लिया। सब-जेल के अधीक्षक विनोद चंबयाल ने बताया कि सतनाम सत्ता एडिक्टिड है और उसका नशा छुड़ाने के लिए उपचार भी चल रहा है। वहीं, होमगार्ड जवान भी जेल की गार्द में 18 नवंबर 2012 को ही तैनात किया गया था। सोमवार को हुए घटनाक्रम में जेल कर्मचारियों ने दोनों आरोपियों से 27 ग्राम अफीम बरामद की है। एएसपी राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने होमगार्ड जवान को हिरासत में ले लिया है। जबकि दूसरे आरोपी विचाराधीन कैदी की गिरफ्तारी के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनाक्रम के संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। छानबीन की जा रही है।

नशीले पदार्थों की तस्करी में ही चल रहा अंदर
सोमवार को सब-जेल में अफीम के केस में आरोपी बनाया गया विचाराधीन कैदी सतनाम सिंह सत्ता लगभग दो वर्ष से नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में जेल में बंद है। पिछली बार आरोपी से चूरा पोस्त बरामद किया गया था। इतना ही नहीं सत्ता के खिलाफ नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में अन्य मामले भी लंबित चल रहे हैं। जबकि एक मामले में उसे अदालत की ओर से सजा भी सुनाई जा चुकी है।

Related posts