श्रमिकों की हड़ताल से अब तक 12 करोड़ का नुकसान

पतलीकूहल (कुल्लू)। यहां रायसन स्थित फैक्टरी में चल रही श्रमिकों की हड़ताल से कंपनी प्रबंधन अभी तक करीब 12 करोड़ रुपये का नुकसान उठा चुका है। हड़ताल को चले हुए करीब पचास दिन हो चुके हैं। कंपनी प्रबंधन डेढ़ महीनों से श्रमिकों से काम पर लौटने की अपील कर रहा है। लेकिन यूनियन की हड़ताल के चलते ऐसा नहीं हो पा रहा है।
छह सितंबर को सीटू के बैनर तले भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश नेता राकेश सिंघा के नेतृत्व में फैक्टरी परिसर के पास हुए प्रदर्शन के दौरान फैक्टरी भवन के शीशे टूटने से भी प्रबंधन को खासा नुकसान हुआ है। कंपनी प्रबंधन ने कई बार श्रमिकों से काम पर लौट आने का आग्रह भी किया लेकिन अभी तक विवाद नहीं सुलझ पाया है। रायसन स्थित कंपनी के यूनिट हेड सरफराज हुसैन ने कहा कि रायसन यूनिट से पांच लोगों का तबादला छह जुलाई को कंपनी के दूसरे यूनिट नोएडा में किया गया है। लेकिन इन मजदूरों ने नोएडा जाने के बजाए हड़ताल का रास्ता अख्तियार कर लिया।

Related posts