शिवरात्रि में नचाएंगे रियल्टी शो के कलाकार

मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मेें इस बार रियल्टी शो के हीरो नचाएंगे। शिवरात्रि महोत्सव में पहाड़ी नाइट की महफिल नहीं सजेगी। सांस्कृतिक संध्याएं छह दिन चलेंगी। इसमें एक नाइट पंजाबी गायक के नाम भी रहेगी। इसके अलावा उज्बेकिस्तान से अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक दल प्रस्तुति पेश करेगा।
शिवरात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमाें की पहली संध्या 28 फरवरी शुक्रवार को पड्डल मैदान में सजेगी। इसमें अमन त्रिखा और शावेरी भट्टाचार्य दर्शकों को नचाएंगे। हाल ही में अमन त्रिखा कई ले टेस्ट फिल्मों में अपनी आवाज दे चुके हैं। इसके बाद पहली मार्च शनिवार को जहां भूमि त्रिवेदी स्टेज पर धमाल मचाएंगी। सुरेश अलबेला अपनी हास्य कला से दर्शकों को गुदगुदाएंगे। भूमि त्रिवेदी इंडियन आइडल सीजन पांच से मशहूर हुई थीं। दो मार्च रविवार को पंजाबी गायक रोशन प्रिंस अपनी मखमली आवाज का जादू बिखेरेंगे। तीन मार्च को रितु पाठक और अंजन गुहा, चार मार्च को देबोजीत और याशिता तथा शिवरात्रि महोत्सव-2014 की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में पांच मार्च को पार्श्व गायक बेनी दयाल धमाल मचाएंगे। शिवरात्रि महोत्सव के दौरान प्रसिद्ध हिमाचली सांस्कृतिक दल भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। लेकिन गत वर्ष की भांति इस बार पहाड़ी नाइट की महफिल नहीं सजेगी। मेला कमेटी सांस्कृतिक उप समिति ने कलाकारों के नाम तय कर दिए हैं।

Related posts