शिक्षा महकमे को हफ्ते का अल्टीमेटम

रामपुर बुशहर। कुल्लू जिले की डीम पंचायत के बनड़ प्राथमिक स्कूल में शिक्षक नियुक्त न करने पर ग्रामीण भड़क गए हैं। हाल ही में इस स्कूल से दो शिक्षकों का तबादला कर दिया गया है। इसके बाद नई नियुक्ति नहीं हुई है। इससे गुस्साए लोगों ने वीरवार को बीपीईओ कार्यालय निरमंड पहुंच कर रोष जताया। ग्रामीणों ने हफ्ते के भीतर इस स्कूल में शिक्षक तैनात करने की मांग की और कहा कि अगर शिक्षक नियुक्त नहीं किए गए तो आंदोलन किया जाएगा।
स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष रोशन लाल, मनसा राम, दीवान सिंह, कैलाश, वीर सिंह, ताबे राम, सुरेंद्र, टिकम राम, नरैण दास आदि ने कहा कि दोनों शिक्षकों का तबादला कर दिए जाने के बाद स्कूल में बच्चों को पढ़ाने वाला कोई नहीं है। इससे यहां पढ़ रहे दो दर्जन बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने शिक्षा विभाग के प्रति रोष जताते हुए कहा कि यहां के लिए शिक्षकों की व्यवस्था किए बगैर दोनों शिक्षकों को रिलीव कर दिया गया, जो गलत है। अच्छा होता अगर दूसरे शिक्षक आने पर इनको रिलीव किया जाता। इससे कम से कम बच्चों की पढ़ाई तो बाधित नहीं होती। उन्होंने शिक्षा विभाग को हफ्ते का अल्टीमेटम दिया है। कहा कि अगर इस अवधि में शिक्षक नहीं भेजे तो समस्त ग्रामीण आंदोलन पर उतरेंगे। इधर, इस बाबत कार्यवाहक बीपीईओ निरमंड रामकिशन ने बनड़ स्कूल से दोनों शिक्षकों के तबादले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुविधा को इस स्कूल के लिए डीम स्कूल से शिक्षक प्रतिनियुक्ति पर भेजा जा रहा है। जब तक स्थायी नियुक्ति नहीं होती, तब तक उक्त शिक्षक यहीं रहेगा।

Related posts