जुब्बल नपं अध्यक्ष से उलझे सदस्य

जुब्बल (शिमला)। नगर पंचायत जुब्बल में राशन कार्ड बनाने को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष तथा कांग्रेस के मनोनीत सदस्यों में बहस हो गई। नगर पंचायत अध्यक्ष ने मनोनीत सदस्यों के खिलाफ पुलिस थाना जुब्बल में डराने-धमकाने तथा गलत ढंग से राशन कार्ड बनाने के लिए दबाव बनाने की शिकायत दर्ज करवाई है। नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सारटा ने बताया कि पंचायत में इन दिनों राशन कार्ड बनाने का कार्य चल रहा है। वीरवार को नगर पंचायत में मनोनीत तीन कांग्रेस सदस्यों ने उन पर पंचायत कार्यालय पहुंचकर गलत ढंग से राशन कार्ड बनाने का दबाव बनाया। मनोनीत सदस्य नियमों को ताक पर रखकर बिना वार्ड सदस्यों के स्वयं ही कुछ लोगों की वेरिफिकेशन करने का जोर डाल रहे थे। ऐतराज करने पर मनोनीत सदस्य धमका कर सरकार की धौंस दिखाने लगे। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत में नियमानुसार ही राशन कार्ड बनाने का कार्य किया जा रहा है। मनोनीत सदस्यों के खिलाफ पुलिस थाना जुब्बल में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस थाना प्रभारी दया राम पुंडीर ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष ने मनोनीत सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड बनाने को लेकर सदस्यों तथा नगर पंचायत अध्यक्ष में बहस हुई है। उधर, मनोनीत सदस्यों की ओर से भी शिकायत आई है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन पुलिस ने शुरू कर दी है।

Related posts