आनी के छात्रों को मिली किताबें

आनी (कुल्लू)। क्षेत्र में डेढ़ माह से बिना किताबों के शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों को आखिर किताबें मिल गईं। ‘अमर उजाला’ में छपी खबर ‘बिना किताबों के कैसे पढ़े नौनिहाल’ पर कड़ा संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग ने आनी के लिए किताबें भेज दी हैं। यही नहीं, आनी और निरमंड के स्कूलों में किताबों को बांटने का काम शुरू भी हो गया है। अभिभावकों ने इसके लिए ‘अमर उजाला’ का आभार प्रकट किया है। रिजर्व श्रेणी के छात्रों को स्कूल खुलने के करीब डेढ़ माह बाद भी किताबें नहीं मिल पा रही थीं। वहीं अभिभावक भी इंतजार में थे कि कब उनके बच्चों को किताबें मिलें और वे अपनी पढ़ाई शुरू कर सकें। लेकिन, किताबें न मिलने पर ‘अमर उजाला’ ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद विभाग हरकत में आया और आनी तथा निरमंड में किताबें बांटने का कार्य शुरू किया गया।
नियम अनुसार निरमंड खंड के सभी रिजर्व बच्चों को निशुल्क किताबें दी जाती हैं। इधर, अभिभावक शेर सिंह, राम लाल, राज कुमार, यश पाल और केसू राम सहित अन्य अभिभावकों ने ‘अमर उजाला’ का धन्यवाद किया है। शिक्षा बोर्ड के रामपुर डिपो के इंचार्ज चेतराम ने बताया कि आनी के लिए किताबें भेज दी हैं।

Related posts