
चंबा। शादी समारोहों के मौके पर अब गैस पर खाना पकाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार की ओर से लोगों को शादी समारोह के लिए लकड़ी मुहैया करवाई जाएगी। जानकारी के मुताबिक शादी-समारोहों के लिए लोग अब वनों से लकड़ी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए लोगों को वन विभाग को अर्जी देनी पड़ेगी। विभाग की ओर से जरूरत के हिसाब से लोगों को लकड़ी मुहैया करवाई जाएगी। इसके अलावा अंतिम संस्कार के लिए भी विभाग लोगों को लकड़ी मुहैया करवाएगा।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर लोग शादी समारोहों में रसोई गैस से ही खाना बनाते हैं। दूरदराज इलाकों को गैस न मिलने के कारण शादी-ब्याह से लेकर हर प्रकार के उत्सव के दौरान लकड़ी जलाकर ही खाना तैयार किया जाता है। वनों से लकड़ी काटने पर प्रतिबंध लगने से ग्रामीणों को काफी दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है। अब सरकार की ओर से दोबारा लकड़ी देने का प्रावधान किया है। इससे विशेष रूप से ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिलेगी। वन विभाग के डीएफओ किरपा शंकर एम ने बताया कि शादी समारोहों के दौरान लोगों को वन अधिकार अधिनियम के तहत लकड़ी मुहैया करवाई जाएगी। इसके लिए लोगों को विभाग को अर्जी देनी होगी।
