
चुवाड़ी चंबा। डाक्टरोें व अन्य स्टाफ की कमी के कारण स्थानीय एफआरयू में मरीजों को उपचार करवाने में काफी परेशानी हो रही है। यहां मौजूदा समय में दो ही चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। सेवाएं दे रहे चिकित्सकों को ओपीडी में मरीजों का चेकअप करना पड़ रहा है। साथ ही उपचाराधीन मरीजों को भी देखना पड़ रहा है। सेवाएं दे रहे दो चिकित्सकों को इन दिनों 24 घंटे सेवाएं देनी पड़ रही हैं। दिन के समय ओपीडी में 150 से 200 के करीब मरीज उपचार के लिए पहुुंच रहे हैं। दो ही चिकित्सक होने के कारण मरीजों को चेकअप करवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी गंभीर बीमारियों वाले मरीजों को पेश आ रही है। हैरानी की बात है कि एफआरयू होने के बावजूद प्रदेश सरकार अभी तक यहां विशेषज्ञ चिकित्सक तक तैनात नहीं कर पाई है।
लोगों की ओर से भी खाली पदों को भरने की मांग स्वास्थ्य विभाग से की जा रही है, मगर खाली पदों को नहीं भरा जा रहा है। हाल ही में एक चिकित्सक ने नौकरी ज्वाइन की है। वहीं, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद खाली चल रहे हैं। यहां आठ में से चार ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। पद खाली होने के कारण अस्पताल में सफाई व्यवस्था भी चरमराने शुरू हो गई है।
उधर, सीएमओ डा. राकेश वर्मा ने बताया कि खाली पदों को भरा जा रहा है। इस बारे आला अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। स्थिति को देखते हुए अस्पताल के एक डेंटल चिकित्सक की तैनाती की गई है। जल्द ही खाली पदों को भरने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
