बीपीओ से स्कूली वर्दी का हिसाब तलब

चंबा। शिक्षा विभाग ने जिला भर के डीपीओ और बीपीओ से स्कूली बच्चों को दी गई मुफ्त स्कूल यूनिफार्म का हिसाब तलब किया है। विभाग ने एक हफ्ते के भीतर यूनिफार्म का यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट उपनिदेशक कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने की सूरत में बीपीओ और डीपीओ के खिलाफ कार्यवाही की जा सकती है।
जानकारी के मुताबिक शिक्षा विभाग की ओर से गत वर्ष जिला भर के 15 ब्लाक के लिए पहले चरण में 45 हजार 756 बच्चों के लिए वर्दी वितरित की गई थी। इसमें 23 हजार 256 छात्रों और 23 हजार 498 छात्राओं को लाभ मिला था। दूसरे अलाट में 46 हजार 962 छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल यूनिफार्म जारी की गई। इसमें 23 हजार 423 छात्रों और 25 हजार 539 छात्राओं को लाभ मिला था। यह यूनिफार्म स्कूलों को डीपीओ और बीपीओ के माध्यम से जारी की थी।
अभी तक अधिकांश डीपीओ और बीपीओ ने स्कूल यूनिफार्म का उपयोगिता प्रमाण पत्र जारी नहीं किया है। शिक्षा विभाग ने डीपीओ और बीपीओ से उनके अधीनस्थ स्कूलों के लिए जारी की गई वर्दियों का पूरा ब्योरा मांगा है। स्थानीय डिप्टी डीओ ओपी हीर ने बताया कि सभी स्कूलों के डीपीओ और बीपीओ को हफ्ते भर में स्कूल यूनिफार्म का उपयोगिता प्रमाण पत्र देने के निर्देश जारी कर दिए हैं। कहा कि समय पर सर्टिफिकेट जारी नहीं किया तो कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Related posts