व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला

चंबा। शहर में बुधवार को एक व्यक्ति ने जिला कांगड़ा के बैजनाथ निवासी पर चाकू से हमला कर दिया। इससे पीड़ित व्यक्ति को चोटें आई हैं और काफी खून भी बह गया। इस जानलेवा हमले के बाद तनाव का माहौल है। मामला पुलिस थाना तक पहुंच गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के मुताबिक कांगड़ा के बैजनाथ इलाके का व्यक्ति चंबा आया था। चंबा में इस व्यक्ति का ससुराल भी है। बुधवार को एक मेडिकल स्टोर पर वह दवाई लेने के लिए गया। इस दौरान वहां एक अन्य शख्स से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी बात पर आरोपी शख्स ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह व्यक्ति लहूलुहान हो गया। इस बीच आरोपी मौके से फरार हो गया। हमले का शिकार व्यक्ति का नाम पवन कुमार पुत्र प्यारे लाल बताया जा रहा है। पता चला है कि वारदात के शिकार व्यक्ति की पत्नी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत है। घटना के बाद पवन को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। चंबा के एसपी डीके चौधरी ने घटना की पुष्टि की हैै। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि वारदात का शिकार व्यक्ति के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Related posts