
ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती लोअर अरनियाला निवासी युवक के साथ विदेश भेजने के नाम पर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवक की शिकायत पर पंजाब के नंगल निवासी महिला और पुरुष के खिलाफ धोखाधड़ी करने पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित शर्मा पुत्र कृष्ण कुमार शर्मा निवासी लोअर अरनियाला ने शिकायत दर्ज करवाई कि फरवरी 2013 में विदेश भेजने के नाम पर दीपक सिंह पुत्र प्यारा सिंह एवं ऊषा कालिया निवासी फोकल प्वाइंट नंगल जिला रोपड़ पंजाब ने उससे 9 लाख 10 हजार रुपए ले लिए, लेकिन विदेश नहीं भेजा। युवक की ओर से आरोपियों से पैसा वापस करने की मांग को भी उन्होंने नजरअंदाज कर डाला। जिसके चलते उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। एसपी ऊना केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में आरोपियों के खिलाफ आईसीपी की धारा 420, 406, 467, 468 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन करेगी। उन्होंने जिले के युवाओं से आह्वान किया है कि विदेश आदि जाने के लिए अधिकृत ट्रेवल एजेंटों की ही सेवाएं लें। अनाधिकृत लोगों के जाल में फंस कर अपनी तथा अपने परिजनों की पूंजी को न गंवाएं।
