
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की आधा दर्जन पंचायतों में पेयजल संकट गहरा गया है। यहां एक सप्ताह से पीने के पानी की सप्लाई सुचारु रूप से नहीं हो रही है। जिससे लोगों की भयंकर गर्मी में परेशानियां बढ़ गई हैं। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले पांच दिन से बुधान, लठियाणी, तनोह तथा धुंधला के ननावीं गांव में लोग पीने के पानी के लिए कुओं पर डेरा जमाए हुए हैं। तीसरे दिन पानी की सप्लाई भी एक घंटे से ज्यादा नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को गर्मी में आने वाली इन दिक्कतों का में बखूबी पता है, लेकिन इसका आज तक कोई पुख्ता हल नहीं निकाला जा सका है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग के प्रति गहरा रोष जताया है। गांववासियों में पुनीत कुमार, राकेश कुमार, प्रकाश चंद, पवन देव, दीपक कुमार, उर्मिला देवी, राज कुमारी, रचना देवी, सलोचना देवी, सुकन्या देवी, अमृती, शकुंतला, ज्योति रानी तथा रितु कुमारी ने बताया कि हर साल गर्मियों में उन्हें पेयजल संकट से जूझना पड़ता है। यह सिलसिला पिछले कई साल से चला आ रहा है। लेकिन, विभागीय अधिकारियों ने उनकी इस समस्या को कभी संजीदगी से नहीं लिया है। पिछले एक सप्ताह से नलों में पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी है। जिसके चलते उन्हें पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। यदि पानी की समस्या जल्द दूर न हुई तो उन्हें मजबूरन प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा।
इधर, आईपीएच विभाग उपमंडल बंगाणा के एसडीओ गणेश दत्त शर्मा ने बताया कि पानी की सप्लाई सुचारु रूप से चली हुई है। यदि किसी क्षेत्र में पेयजल समस्या आ रही है तो जल्द ही इसका हल निकाल दिया जाएगा।
