लोग नहीं जानते राजस्व विभाग की फीस

मुबारिकपुर (ऊना)। उपमंडल अंब के पटवार घरों से राजस्व कार्यों के शुल्क की सूची बोर्ड गायब है। ऐसे में लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों की फीस का सही ढंग से पता नहीं लग पा रहा है। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों की मानें तो विभाग कर्मियों ने रेट लिस्टें गायब कर दी हैं और कर्मी कार्यों के मनमाने दाम वसूल रहे हैं। स्थानीय लोगों में बिंदी ठाकुर, विजय भारद्वाज, राम चंद, औंकार सिंह, ठाकुर सीता राम ने बताया कि तहसील कार्यालय अबं से सभी पटवार घराें को राजस्व रिकार्ड शुल्क सूची बोर्ड वितरण किए थे, लेकिन लोअर मुबारिकपुर, मंदौली, करलूही, अंब पटवार घराें में राजस्व शुल्क सूची बोर्ड नहीं हैं। इस कारण राजस्व रिकार्ड प्राप्त करने वालों की आंखों में धूल झोक कर मुंह मांगे दाम वसूल किए जा रहे हैं। आलम यह है कि पटवार घरों में राजस्व रिकार्ड सूची पर सरकारी कैलेंडर लटका दिया है। जिससे राजस्व रिकार्ड सूची लोग न देख ले। हालांकि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने हेतु कारगार कदम उठा रही है, लेकिन फिर भी कई विभागों में रिश्वत को लेकर स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों ने पटवार घरों में पटवार घर लिखने एवं राजस्व शुल्क सूची बोर्ड हर पटवार घर में लगाने की मांग की है। इस बारे में नायब तहसीलदार अंब गुरमीत सिंह का कहना है कि हर पटवार घर को राजस्व रिकार्ड शुल्क सूची बोर्ड वितरण किए गए हैं और बोर्ड न लगाने वालों पर सख्त कारवाई होगी।

Related posts