
नई दिल्ली। अपने मांगलिक बेटे के लिए बहू तलाशने निकले बुजुर्ग स्कूल मालिक ने अपनी कार और नगदी गंवा दी। खुद को लड़की का भाई बताने वाले शख्स ने पीड़ित को गीता कालोनी पुश्ता रोड पर बुलाया। बाद में धोखे से कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर कार, कैश, मोबाइल व अन्य सामान लूटकर रफूचक्कर हो गया। बुजुर्ग को तीन दिन बाद प्रीत विहार के एक निजी अस्पताल में होश आया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित पवन कुमार बंसल (63) परिवार के साथ बदरपुर इलाके में रहते हैं। वहां उनका एक निजी स्कूल भी है। अपने मांगलिक बेटे की शादी के लिए पवन ने अखबार में विज्ञापन दिया था। पिछले 15-20 दिनों से उनके पास किसी विकास नामक शख्स का लक्ष्मी नगर से फोन आ रहा था। उसका कहना था कि वह अपनी बहन से पवन के बेटे का रिश्ता करना चाहता है। विकास ने उन्हें लक्ष्मी नगर आने के लिए कहा। 19 जून को पवन अपनी मारुति कार लेकर लक्ष्मी नगर विकास के घर के लिए निकल गए। इस बीच रास्ते में विकास ने फोन कर उन्हें गीता कालोनी पुश्ता रोड पर बुलाया। रास्ते में खुद को विकास बताने वाला युवक व एक अन्य शख्स उन्हें मिला। दोनों कार में बैठकर पवन को घर ले जाने लगे। गलियों में घुमाते हुए दोनों उन्हें झील-खुरेंजा ले गए। वहां दोनों ने पवन को कोल्ड ड्रिंक दी जिसे पीते ही वे बेहोश हो गए। बाद में आरोपी कार, मोबाइल, कैश और अन्य जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए।
शनिवार को पवन को प्रीत विहार स्थित एक अस्पताल में होश आया। परिजनों को उन्होंने सारी बात बताई। बेटे अंकित ने बताया कि किसी राहगीर ने परिवार को सूचना दी कि पवन प्रीत विहार इलाके में बेहोशी की हालत में सड़क पर पड़े हैं। तब परिजनों ने वहां पहुंचकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
