
नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स खत्म हुए करीब तीन साल बीत गए। लेकिन खेल की तैयारी से जुड़ी एक योजना अभी तक पूरी नहीं की जा सकी है। खेल के दौरान घायल होने वाले खिलाड़ियों व अन्य लोगों को आपात स्थिति में इलाज में देरी न हो और बिस्तर की कमी न पड़े इस लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 280 बिस्तरों वाले आपातकालीन ब्लॉक बनाने का फैसला लिया गया था। लेकिन यह इमरजेंसी ब्लॉक अभी तक तैयार नहीं हो सका है।
आपातकालीन ब्लॉक शुरू करने की कई तारीख तय की गईं । लेकिन हर बार किसी न किसी वजह से मामला टलता रहा। अब ब्लॉक की शुरुआत के लिए नई डेडलाइन अगस्त-2013 रखी गई है।
अहम है कि नए ब्लॉक में न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रो इंट्रोलॉजी, पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी, पीडियाट्रिक नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी, सीटीवीएस सहित कुछ महत्वपूर्ण विभागों की स्थापना की जानी है। जहां मरीजों को इमरजेंसी केयर सर्विस दी जाएगी। ब्लॉक में तीन ऑपरेशन थियेटर व 30 बिस्तरों का आईसीयू भी बनाए जाने की योजना शामिल है। बताते चलें कि फिलहाल आरएमएल अस्पताल के आपातकालीन विभाग में प्रतिदिन औसतन एक हजार मरीजों को इलाज के लिए लाया जाता है। नए ब्लॉक के शुरू हो जाने के बाद अस्पताल की क्षमता में 280 बिस्तर का इजाफा होगा। इसके बाद अस्पताल में बिस्तरों की संख्या 1380 हो जाएगी।
‘नई बिल्डिंग में कुछ काम बाकी है, लिहाजा इसे शुरू करने में देरी हो रही है। उम्मीद है कि अगस्त 2013 से नए आपातकालीन ब्लॉक में मरीजों का इलाज शुरू हो जाएगा।’
डॉ. एच.के.कार, चिकित्सा अधीक्षक, आरएमएल अस्पताल
