रिकांगपिओ से रामपुर के लिए दौड़ी बस

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले के रल्ली में अवरुद्ध नेशनल हाईवे को बहाल कर दिया गया है। सीमा सड़क संगठन के जवानों ने आठ दिन की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार को हाईवे बहाल किया। अब रिकांगपिओ से रामपुर और शिमला के लिए सीधी बस सेवा शुरू हो गई है। लेकिन, जिले के ग्रामीण रूटों की स्थिति यथावत है। उपायुक्त जेएम पठानिया ने रल्ली के पास अवरुद्ध एनएच को बहाल किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने मार्ग बहाली के लिए सीमा सड़क संगठन के जवानों की तारीफ की है। मार्ग बहाली के साथ ही जिला मुख्यालय रिकांगपिओ रामपुर और शिमला से सीधे तौर पर जुड़ गया है। लेकिन, संपर्क सड़कें बहाल न होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की मुश्किलें बरकरार हैं। यहां की कई ग्रामीण सड़कें अभी भी बंद हैं। इससे लोगों को यातायात सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।
जिले के अधिकांश क्षेत्रों में आठ दिन बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। अभी विद्युत बोर्ड केवल टापरी तक ही आपूर्ति बहाल कर पाया है।

Related posts