रविंद्र सिंह राणा बने नाचन मंडल अध्यक्ष

चैलचौक (मंडी)। नाचन भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की जारी प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को म्याहमाता मंदिर परिसर में मंडल चुनाव शुरू हो गए। आखिर में रविंद्र सिंह राणा को मंडल अध्यक्ष पद की कमान सौंपने की सहमति बन गई।
मंडल अध्यक्ष पद के चुनाव पर सर्व सहमति बिठाने के लिए समस्त 101 पोलिंग बूथों के अध्यक्षों की पहले एक बैठक हुई। करीब पांच घंटे की कार्रवाई के बाद छह कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष पद के लिए अपने नामांकन चुनाव अधिकारी लाल सिंह देशबंधु को सौंपे। इनमें किलिंग पंचायत के उपप्रधान एवं पूर्व मंडलाध्यक्ष टेक सिंह, धिस्ती पंचायत प्रधान एवं पूर्व मंडल उपाध्यक्ष मुरारी लाल राणा सहित लोट पंचायत से पार्टी के सक्रिय सदस्य हुक्म सिंह, तुना पंचायत के दलीप सिंह, भयारटा पंचायत के प्रेम सिंह नायक तथा कोट पंचायत के पूर्व प्रधान रविंद्र राणा शामिल थे, लेकिन नाचन में सर्वसहमति की परंपरा शुरू करने के लिए चुनाव प्रभारी की गठित टीम ने अध्यक्ष पद के दावेदारों को एक बंद कमरे में तलब कर पांच उम्म्ीदवाराें को नामांकन वापस लेने की सहमति बनाई। इसके बाद कोट पंचायत के पूर्व प्रधान रविंद्र सिंह राणा को मंडल अध्यक्ष की कमान सौंप दी गई।
चुनाव प्रभारी लाल सिंह देशबंधु ने कहा कि नाचन में पार्टी के कैडर ने अनुशासन का परिचय देते हुए संगठन के चुनाव सर्वसम्मति से करवाने में सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि नाचन मंडल में महामंत्री, सहमंत्री, कोषाध्यक्ष, महिला सदस्य तथा एससी एवं एसटी सदस्यों की सूची शीघ्र तय की जाएगी। शीघ्र ही मंडल की पूरी रिपोर्ट जिला अध्यक्ष को सौंप दी जाएगी। इस अवसर पर पूर्व मंडलाध्यक्ष मनोज शर्मा, महामंत्री चमन उपमन्यु, टेक सिंह ठाकुर, मुरारी राणा, जिप सदस्य हर्षा चौहान, गुमान सिंह, नरेंद्र भंडारी आदि भी मौजूद थे।

Related posts