
ऊना। एटीएम तोड़ने और लूटपाट की वारदातों के तार यूपी और हरियाणा से जड़ गए हैं। ऊना जिले में एटीएम तोड़ने के तीन माह में आठ मामले सामने आए। बैंक और एटीएम कक्ष चोर गिरोहों के निशाने पर हैं। अब यूपी और हरियाणा के दो शातिरों के धरे जाने से पुलिस की जांच भी इन्हीं राज्यों की ओर घूम गई है। पुलिस को उम्मीद है कि इन शातिरों के अन्य साथी भी हत्थे चढ़ सकते हैं। माना जा रहा है कि इस गिरोह में पंजाब, दिल्ली और अन्य राज्यों के शातिर भी शामिल हो सकते हैं। धरे गए शातिरों पर इनके राज्यों में भी मामले चले होने क ा पुलिस ने खुलासा किया है। शातिर रातोंरात करोड़पति बनना चाहते हैं। इसी के चलते ऐसी घटनाओं को रात के अंधेरे में अंजाम दे रहे हैं।
पिछले कई दिनों से रुक रुक कर एटीएम मशीनें टूटने की घटनाएं हो रही हैं। हालांकि इन वारदातों में अभी तक अज्ञात शातिर 15 हजार रुपये की राशि ही उड़ाने में कामयाब हो पाए हैं। पुलिस का मानना है कि लठियाणी में धरे गए शातिरों का हत्थे चढ़ना एक बड़ी सफलता है। कई वारदातों को लेकर परतें उधड़ सकती हैं। शातिरों ने जनवरी माह में बंगाणा चौक स्थित पीएनबी का एटीएम तोड़ डाला और बैंक का शटर भी तोड़ा। अगले दिन खुरवाईं स्थित एटीएम मशीन को निशाना बनाया। कुछ दिन बाद चोरों ने एक बार फिर वारदात को अंजाम देते हुए हरोली के दुलैहड़ स्थित यूको बैंक के एटीएम को तोड़ा। हालांकि चोर कैश उड़ाने में असफल रहे। वहीं छह मार्च की रात को चोरों ने टाहलीवाल स्थित टूको बैंक के एटीएम कक्ष में घुसकर मशीन तोड़ी। जहां से चोर 15 हजार रुपये का कैश उड़ाकर फरार हो गए। इसी रात चोरों ने टाहलीवाल बाजार के दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों के ताले भी तोड़े थे। नौ मार्च की रात जिला मुख्यालय के नंगल रोड स्थित महाराष्ट्र बैंक का एटीएम तोड़ा। 21 मार्च की रात चोरों ने नंगड़ा में पीएनबी बैंक को निशाना बनाया। दो दिन बाद भरवाईं में एटीएम तोड़ा और वहां से पुलिस ने गैस सिलेंडर और अन्य सामान बरामद किया। नंगड़ा में चोरों दो सप्ताह पहले भी एटीएम तोड़ा। अब लठियाणी में दो शातिर धरे गए हैं।
धरे गए दोनों शातिरों से पूछताछ में कई खुलासे होने की उम्मीद है। कई पुरानी वारदातों से भी परदा उठ सकता है। आम लोग भी संदिग्धों की पुलिस को सूचना दें।
-एएसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर
