डीसी ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

ऊना। डीसी अभिषेक जैन ने दो रोज पहले धुसाड़ा के केवी इंटरनेशनल स्कूल के तीन वर्षीय विद्यार्थी की स्कूल वाहन की चपेट में आकर हुई मौत की घटना को अत्यंत दुखद करार देते हुए इसकी मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही गहरा अफसोस व्यक्त किया है।
रविवार को अवकाश होने के बावजूद डीसी ने अपने कक्ष में अधिकारियों की बैठक की और इस घटना का ब्योरा लिया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस घटना में टाटा सूमो एचपी 11 वी 3240 वाहन शामिल था। इसके चालक को पुलिस गिरफ्तार करके वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामला दर्ज कर जांच अमल में लाई जा रही है। बैठक में आरटीओ रमेश ठाकुर ने डीसी को बताया कि वाहन के मालिक एवं स्कूल प्रबंधन पर परिवहन विभाग कार्रवाई करेगा। यह पता लगाया जाएगा कि स्कूल प्रबंधन द्वारा पब्लिक सर्विस व्हीकल की मंजूरी ली गई थी या नहीं। बैठक में एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार घटना वाले दिन संतप्त परिवार के पास फौरी राहत राशि लेकर गए थे। लेकिन बच्चे के अभिभावक उस दिन गहरे सदमे एवं आक्रोश में थे। इस पर डीसी ने रविवार को एसडीएम को पीड़ित परिवार के घर जाने और राहत राशि देने के निर्देश दिए।
डीसी ने इस घटना को वाहन चालक की असंवेदनशीलता एवं गंभीर लापरवाही मानते हुए तुरंत प्रभाव से उसका लाइसेंस रद्द करने के निर्देश दे दिए हैं। डीसी अभिषेक जैन ने पूरे जिला में कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा को लेकर भी 16 अप्रैल को शाम तीन बजे बैठक बुलाने के निर्देश जारी किए हैं।

21 को ऊना बुलाए निजी स्कूल संचालक
ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए डीसी अभिषेक जैन ने एडीएम दर्शन कालिया की अध्यक्षता में 21 अप्रैल को जिला के सभी निजी शैक्षणिक संस्थानों के प्रबंधकों की बैठक बुलाने और उसमें आरटीओ एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी शामिल करके यह रिपोर्ट उन्हें देने के निर्देश दिए हैं कि क्या जिला के निजी शैक्षणिक संस्थान निर्धारित मापदंडों की अनुपालना कर रहे हैं? यह बैठक 21 अप्रैल को सुबह 11 बजे ऊना के बचत भवन में बुलाई गई है। इसमें जिले के सभी निजी शैक्षणिक प्रतिष्ठानों के प्रबंधकों का शामिल होना अनिवार्य होगा।

Related posts