मोदी के नारों से गूंजता रहा रैली स्थल

पालमपुर (कांगड़ा)। स्थान : शहीद विक्रम बत्तरा मैदान पालमपुर… समय सुबह 9:00 बजे। मोदी रैली के लिए मैदान आधा भर चुका था। मैदान में अच्छे दिन आने वाले हैं… गाना बज रहा था। जनता के मनोरंजन के लिए लोक गायक कुलदीप शर्मा और कश्मीरी लाल भी प्रस्तुतियां देने लगे। जनता में जोश भरने के लिए मंच से प्रदेश भाजपा महामंत्री विपिन परमार घर घर मोदी, घर घर शांता का नारा लगाने लगे। धीरे धीरे मैदान जनता से भरने लगा। 10:30 बजे मैदान की सीढ़ियां भी लोगों से भर गईं। मंच से सूचना आई कि 10:55 बजे नरेंद्र मोदी गगल एयरपोर्ट पर पहुंच गए और 11:00 बजे वह पालमपुर के लिए उड़ान भर चुके हैं। यह सुनकर मैदान में सीटियां बजने लगीं। जनसभा स्थल के बाहर रोटरी भवन और साथ लगते रास्ते में भी काफी भीड़ जुट चुकी थी। 11:16 बजे रैली स्थल के ऊपर आसमान में मोदी का चौपर देख मैदान से लोगों ने नारे लगाने शुरू कर दिए। 11:18 बजे मोदी का चौपर कृषि विवि पालमपुर में पहुंचा। 11:23 बजे मोदी गाड़ी से सड़क मार्ग के जरिये रैली स्थल की ओर रवाना हुए। 11:30 बजे मोदी मैदान में पहुंच गए। मोदी ने हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। जनता ने खड़े होकर, हाथ उठाकर मोदी को सम्मान दिया। इस दौरान जनसभा स्थल मोदी के नारों से गूंजने लगा। जनसभा में शांता कुमार ने भाषण देना शुरू किया। 11:38 बजे मोदी ने मंच संभाला और मैदान तालियों से गूंजने लगा। करीब 30 मिनट के भाषण में मोदी ने हिमाचल के हर पहलू को छुआ। ये दिल मांगे मोर का नया नारा देने के साथ उन्होंने हिमाचल में बिताए अमूल्य दिनों को याद कर देवभूमि के लोगों का धन्यवाद किया। इस दौरान सोमनाथ और शहीद विक्रम बत्तरा को भी याद किया। जनता से कहा कि निराश होने की जरूरत नहीं है। मैंने भूकंप आने के बाद तीन साल में गुजरात की निराशा दूर की थी। 12:08 बजे अपना भाषण समाप्त कर मोदी मंडी में जनसभा के लिए रवाना हो गए।

Related posts