मैक्सवेल पर सबसे बड़ी बोली, मुंबई ने 5.3 करोड़ में खरीदा

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल आईपीएल-6 के एकमात्र मिलियन डॉलर क्रिकेटर बन गए हैं। रविवार को हुई खिलाड़ियों की नीलामी में केवल 8 वनडे और 9 टी-20 मैच खेलने वाले मैक्सवेल पर सबसे बड़ी बोली लगी। उन्हें सचिन तेंदुलकर की मौजूदगी वाली मुंबई इंडियंस ने 5.3 करोड़ रुपये (1 मिलियन डॉलर) में खरीदा।

ग्लेन के बाद श्रीलंका के रहस्यमयी गेंदबाज अजंता मेंडिस सबसे महंगे बिके। उन्हें पुणे ने 3.85 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि उनका बेस प्राइज करीब 26 लाख ही था।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व और मौजूदा कप्तान रिकी पोंटिंग और माइकल क्लार्क में किसी टीम की ज्यादा दिलचस्पी देखने को नहीं मिली। पोंटिंग को मुंबई और क्लार्क को पुणे ने उनके बेस प्राइज 2.1 करोड़ पर हासिल कर लिया। भारतीय खिलाड़ियों में बल्लेबाज अभिषेक नायर सबसे महंगे बिके। उन्हें पुणे ने 3.58 करोड़ में अपनी टीम में शामिल कर लिया।

वहीं आरपी सिंह को बंगलूरू ने 2.1 करोड़ में खरीदा। इस बार की नीलामी की खास बात यह रही कि टीम मालिकों ने बड़े नामों की बजाय नए और युवा खिलाड़ियों को तरजीह दी। यह नीलामी केवल इसी साल के लिए है और अगले साल सभी खिलाड़ियों को नीलामी की प्रक्रिया से गुजरना होगा।

नीलामी सूची में शामिल 108 खिलाड़ियों में 37 को आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने खरीदा। इनमें से सबसे अधिक 13 ऑस्ट्रेलिया के हैं। आईपीएल के अभी तक के इतिहास में सबसे बड़ी बोली गौतम गंभीर पर लगी है, जिन्हें कोलकाता ने चौथे सीजन में 12 करोड़ से अधिक में खरीदा था।

नीलामी की प्रक्रिया बिना किसी विवाद और पूरी पारदर्शिता से पूरी हुई। इस बार की नीलामी केवल टीमों में खाली पड़े स्थान भरने के लिए थी। अगले साल पूरी तरह नए सिरे से नीलामी होगी, जिसमें 350 से 400 खिलाड़ियों की बोली लगेगी।– राजीव शुक्ला, आईपीएल चेयरमैन

आईपीएल-6: 3 अप्रैल से 26 मई
9 टीमें
54 दिन
12 स्टेडियम
76 मैच

108 : खिलाड़ी नीलामी सूची में रहे शामिल
09 : फ्रेंचाइजियों ने चुने अपने पसंदीदा खिलाड़ी
06 : भारतीय खिलाड़ियों की हुई नीलामी
11.89 : मिलियन डॉलर खर्च किए नौ टीमों ने नीलामी पर

साल दर साल (राशि लगभग में)
वर्ष 2008 : महेंद्र सिंह धोनी, 7 करोड़ 97 लाख रुपये
वर्ष 2009 : केविन पीटरसन/एंड्रयू फ्लिंटॉफ, 8 करोड़ 23 लाख रुपये
वर्ष 2010 : कीरोन पोलार्ड/शेन बांड, 3 करोड़ 97 लाख रुपये
वर्ष 2011 : गौतम गंभीर, 12 करोड़ 75 लाख रुपये
वर्ष 2012 : रवींद्र जडेजा, 9.72 करोड़ रुपये
वर्ष 2013 : ग्लेन मैक्सवेल, 5.3 करोड़ रुपये

देश—नीलाम खिलाड़ी
भारत—6
श्रीलंका—6
ऑस्ट्रेलिया—13
दक्षिण अफ्रीका—4
वेस्टइंडीज—5
न्यूजीलैंड—3
कुल—37

बड़े नाम जो नहीं बिके :-
डग बोलिंगर (ऑस्ट्रेलिया)
रंगना हेरथ (श्रीलंका)
हर्शल गिब्स (द. अफ्रीका)
डारेन ब्रावो (वेस्टइंडीज)
रवि बोपारा (इंग्लैंड)
मैथ्यू वेड (ऑस्ट्रेलिया)

Related posts