मुसाफिर की हार पर कांग्रेस ने किया मंथन

सराहां (सिरमौर)। पच्छाद कांग्रेस ब्लाक की सराहां में हुई बैठक में राहुल गांधी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और वीरभद्र सिंह को प्रदेश का मुख्यमंत्री तथा सुखविंद्र सिंह सुक्खू को प्रदेश का अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई दी गई। बैठक ब्लाक उपाध्यक्ष सिरमौर सिंह की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने से देश तथा प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को बल मिलेगा। बैठक में समस्त जोन व पोलिंग अध्यक्षों ने कहा पच्छाद में इस बार हुई मुसाफिर की हार पर गहन चिंतन करना आवश्यक है। इसके साथ निर्णय लिया गया कि भविष्य में पच्छाद में कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाया जाएगा और आने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को पच्छाद से भारी लीड दी जाएगी। बैठक में भाजपा द्वारा हैंडपंप घोटाले, मनरेगा योजनाओं में की गई अनियमितताएं और राजीव गांधी विद्युत योजना के तहत विभाग और पूर्व सरकार द्वारा किए घोटालों की जांच की भी मांग रखी गई।
बैठक में श्याम लाल फरमाहे, धर्म सिंह, राजेश्वरी शर्मा, धनवीर सिंह, जगमोहन सिंह, कर्म सिंह, संजय ठाकुर, मुनीलाल, रतन सिंह पंवार, विजयकांत शर्मा, जगदीश दत्त शर्मा, सीमा अत्री, प्रोमिला ठाकुर, प्रकाश भाटिया व संजय पाल समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।

Related posts