महेंद्र बोले, इस्तीफा दें मुख्यमंत्री

भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री महेंद्र ठाकुर ने भाजपा कार्यालय दीपकमल पर युकां और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तोड़ने में लगी हुई है। भाजयुमो प्रदेश महामंत्री महेंद्र ठाकुर ने कहा कि पुलिस के संरक्षण में भाजयुमो व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और पुलिस तमाशा देखती रही। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिस प्रकार से युकां कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के पुत्र विक्रमादित्य के नेतृत्व में डंडों और पत्थरों से लैस होकर आए थे, उससे पता चलता है कि हिमाचल प्रदेश में रजवाड़ाशाही और तानाशाही का दौर शुरू हो चुका है । इस घटना से यह भी साबित हो चुका है कि प्रदेश में लोकतंत्र खत्म हो चुका है। भाजयुमो प्रदेश महामंत्री ने कहा है कि इतिहास में यह पहला मौका है कि किसी बड़े दल के पार्टी मुख्यालय पर किसी राज्य में सत्ताधारी दल के संगठन ने हमला किया हो। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को तुरंत अपने पद से त्याग पत्र दे देना चाहिए।

Related posts