
देहरादून। लंबे से समय से राजधानी में महिलाओं के लिए खौफ का कारण बने मोटू-पतलू चेन स्नेचर गैंग में से पुलिस ने एक को दबोच लिया। पतलू अभी फरार बताया जा रहा है। पकड़ में आया स्नेचर पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
रविवार दोपहर को पुलिस को सूचना मिली कि पटेलनगर में स्थित होटल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कर्मचंद पुत्र वेदपाल निवासी भारापुर भोरी थाना बहादराबाद, जिला हरिद्वार बताया। बताया कि उसने पूर्व में देहरादून और हरिद्वार में कई चेन लूटी हैं। उसने बताया वह चेन स्नेचिंग करते वक्त बाइक चलाया करता था। जबकि पीछे बैठा इरफान पुत्र असगर अली निवासी बीएचईएल, हरिद्वार महिलाओं की चेन लूटता था। दोनों को ही मोटू-पतलू गैंग का नाम दिया गया है। पतलू इरफान कहां उसे भी नहीं पता। पुलिस ने कर्मचंद के कब्जे से तीन सोने की चेन बरामद की। वह चेन को पटेलनगर क्षेत्र में बेचने की फिराक में था। एसपी सिटी डा. जगदीश चंद्र ने बताया कि दोनों आरोपियों की दोस्ती जेल में सजा काटने के दौरान हुई थी। छूटने के बाद दोनों मिलकर लूट की घटनाआें को अंजाम देने लगे। आरोपी को दबोचने वाली टीम को एसएसपी की तरफ से ढाई हजार रुपये का इनाम दिया गया है
