
हमीरपुर। अस्पताल परिसर में दवाइयों की उचित मूल्यों के दुकान में करीब एक सप्ताह से ताला लटका हुआ है। मरीजों को सस्ते दामों में दवाइयां नहीं मिल रही हैं। मजबूरन महंगे दामों पर दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं। मरीजों में अस्पताल प्रबंधन और विभाग के प्रति रोष है। करतार चंद, बलदेव कुमार, जगदीश चंद, उधम सिंह, देवराज, अमर सिंह, राणू राम, कौशल्या देवी, प्रकाश चंद, ध्यान सिंह, प्रदीप कुमार, प्रवीन कुमार, सुनील कुमार का कहना कि क्षेत्रीय अस्पताल परिसर में दवाइयों की उचित मूल्य की दुकान करीब एक सप्ताह से बंद पड़ी है।
ऐसे में रोगियों को बाजार से महंगी दरों पर दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं। पहले भी अस्पताल के गेट नंबर एक के साथ की दुकान करीब एक सप्ताह तक बंद रही है। रोगियों को खासी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। सस्ती दवाइयां लेने के लिए मरीजों को अस्पताल के दूसरे गेट पर जाना पड़ रहा है। सस्ती दवाइयों के स्टोर में भीड़ लगी रहने से मरीजों को कतारों में लगना पड़ रहा है। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से शिकायत भी की लेकिन दुकान को नहीं खोला गया। जनता में अस्पताल प्रबंधन के प्रति रोष है। लोगों ने प्रबंधन से मांग की है कि दवाइयों की उचित मूल्य की दुकान को जल्द खुलवाया जाए। उधर, एसएमओ डॉ. केसी चोपड़ा ने माना कि दवाइयों की उचित मूल्य की दुकान करीब एक सप्ताह से बंद है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसे खुलवा दिया जाएगा।
