पार्षदों में टकराव, नपं भोटा की बैठक टली

भोटा (हमीरपुर)। नगर पंचायत भोटा में जन हितों पर राजनीति हावी हो रही है। राजनीतिक खींचतान के कारण बुधवार को निर्धारित नपं की बैठक नहीं हो सकी। इस कारण जनता से जुड़े मुद्दों पर न चर्चा हुई और न कोई निर्णय। पार्षदों के न पहुंचने के कारण कोरम पूरा नहीं हो पाया और बैठक आगामी तिथि के लिए स्थगित करनी पड़ी। इसके पश्चात एक दूसरे पर आरोपों प्रत्यारोपों का दौर भी शुरू हो गया है। नगर पंचायत भोटा की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे रखी गई थी। नपं अध्यक्ष सर्वजीत कौर और कांग्रेस समर्थित चार पार्षद बैठक में पहुंच गए लेकिन भाजपा समर्थित उपाध्यक्ष एवं पार्षद करीब एक घंटे बाद भी बैठक में नहीं पहुंचे। ऐसे में कोरम पूरा न होने के चलते बैठक को स्थगित कर दिया गया।
अध्यक्ष सर्वजीत कौर की मानें तो उपप्रधान सहित भाजपा समर्थित पार्षदों के बैठक में न पहुंचने के कारण की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जल्द नपं की बैठक बुलाई जाएगी। नपं उपप्रधान ने आरोप लगाया कि बैठक की सूचना केवल एक दिन पूर्व ही मिली है। जरूरी काम से बाहर थे। इसके चलते बैठक में पहुंच पाए। भाजपा समर्थित पार्षद पवन कुमार का कहना है कि बैठक की सूचना एक दिन पूर्व मिली थी, शार्ट नोटिस पर बैठक में भाग ले पाना कैसे संभव होगा। इस पर सर्वजीत कौर का कहना है कि बैठक की सूचना सभी पार्षदों को 18 फरवरी को दी गई थी। नपं के कनिष्ठ अभियंता संजय पठानिया ने बताया कि सभी पार्षदों को बैठक की सूचना दे दी गई थी।

Related posts